नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार ने बुधवार को मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। बाजार खुलने के बाद कुछ देर बिकवाली का दबाव बना, लेकिन जल्द ही खरीदारी लौटने से दोनों प्रमुख सूचकांकों ने रफ्तार पकड़ ली।
सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 723.43 अंक यानी 0.94 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,489.34 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 210.15 अंक यानी 0.88 प्रतिशत चढ़कर 24,195.50 अंक के स्तर पर पहुंच गया।
शुरुआती कारोबार में इंफोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, लार्सन एंड टूब्रो, टीसीएस और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयरों में 2.02 से 3.45 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई। दूसरी ओर इंटरग्लोब एविएशन, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, कोल इंडिया, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन और एक्सिस बैंक के शेयर 0.47 से 1.17 प्रतिशत तक फिसले।
बाजार में खरीदारी का दबदबा साफ दिखाई दिया। सुबह 10 बजे तक 2,693 शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें 2,003 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में रहे, जबकि 690 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 23 शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि सात शेयर लाल निशान में थे। वहीं, निफ्टी के 50 शेयरों में से 38 शेयर बढ़त और 12 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
मंगलवार को बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 69.86 अंक टूटकर 76,765.92 अंक पर और निफ्टी 10.60 अंक की गिरावट के साथ 23,985.35 अंक पर बंद हुआ था।
