33.6 C
Kolkata
Tuesday, June 30, 2026

आगरा में आज अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे लोकार्पण

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में आज (मंगलवार) लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की भव्य प्रतिमा का अनावरण होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रतिमा के लोकार्पण के बाद वे कार्यक्रम स्थल के पास आयोजित एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

301वीं जयंती के उपलक्ष्य में भव्य आयोजन

यह भव्य कार्यक्रम आगरा के एत्मादपुर थानाक्षेत्र के अंतर्गत स्थित मॉडल स्कूल ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के विशेष उपलक्ष्य में इस प्रतिमा की स्थापना की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला दोपहर करीब 12:00 बजे ट्रेन द्वारा मथुरा रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से दोपहर 1:00 बजे आगरा सर्किट हाउस आकर थोड़ा विश्राम करेंगे। दोपहर 2:00 बजे वे एत्मादपुर स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर प्रतिमा का अनावरण करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 3:00 बजे वे कार द्वारा नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

महाराष्ट्र के दिग्गज नेता भी होंगे शामिल

इस सामाजिक और ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी आमंत्रित किया गया है। वहीं, सरकारी कार्यक्रम के अनुसार महाराष्ट्र विधान परिषद के अध्यक्ष प्रो. राम शिंदे दोपहर करीब 2:00 बजे इंडिगो की फ्लाइट से सीधे आगरा पहुंचेंगे। वे भी इस अनावरण समारोह का हिस्सा बनेंगे और शाम 4:30 बजे कार द्वारा दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

सर्वसमाज की जुटेगी भारी भीड़, 40 हजार लोगों की व्यवस्था

मातेश्वरी अहिल्याबाई होल्कर केंद्रीय जयंती समारोह समिति (आगरा) के अध्यक्ष निहाल सिंह बघेल ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मॉडल स्कूल मैदान में करीब 30 से 40 हजार लोगों के बैठने की क्षमता है।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पिछले कई दिनों से एत्मादपुर, टूंडला, फिरोजाबाद और एटा जैसे आस-पास के जनपदों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया गया है। यह पूरी तरह से एक सामाजिक कार्यक्रम है, जिसमें बघेल समाज के साथ-साथ सर्वसमाज के लोगों से भारी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।

Related Articles

नवीनतम लेख