हाथरस। थाना सादाबाद क्षेत्र के कस्बा बिसावर स्थित चांदनी चौक में सोमवार देर रात एक मिष्ठान भंडार में भीषण आग लग गई। हादसे में दुकान में रखा मिष्ठान, खाद्य सामग्री, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस गश्त के दौरान दिखीं आग की लपटें
रात करीब एक बजे गश्त पर निकली बिसावर पुलिस ने चांदनी चौक स्थित एक दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। पुलिस ने तुरंत आसपास के लोगों और दुकानदारों को जगाया। जांच में पता चला कि आग राधेश्याम के मिष्ठान भंडार में लगी है।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। फिलहाल शॉर्ट सर्किट या अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है।
