पश्चिमी सिंहभूम । झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना क्षेत्र अंतर्गत मिलन चौक पर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी कालू करूआ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, जिसे किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने धर दबोचा। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सोमवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
तमिल भाषा न समझने पर हुआ विवाद, फिर कर दिया हमला
यह सनसनीखेज वारदात 16 मई की देर शाम मिलन चौक पर हुई थी। जानकारी के अनुसार, मिलन चौक निवासी 32 वर्षीय चंद्रमोहन गोप मजदूरी कर अपने घर लौटा था और पास की ही एक दुकान से सामान लेने गया था। इसी दौरान वहां मौजूद करूआ बस्ती के रहने वाले कालू करूआ ने उससे तमिल भाषा में कुछ कहना शुरू कर दिया।
चंद्रमोहन को तमिल भाषा समझ नहीं आई, तो उसने इसे एक सामान्य मजाक समझा और उसी लहजे में जवाब दे दिया। इस बात पर आरोपी कालू करूआ अचानक आगबबूला हो गया। उसने बिना सोचे-समझे सीधे चाकू निकाला और चंद्रमोहन के गले पर जानलेवा वार कर दिया।
लहूलुहान हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने बेहद आक्रामक तरीके से हमला किया था, जिससे चंद्रमोहन के गले से भारी मात्रा में खून बहने लगा और वह वहीं जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए घायल युवक को तुरंत पास के सेल (SAIL) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मुस्तैदी से उसका इलाज किया। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने के कारण युवक की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी पहुंचा जेल
घटना की जानकारी मिलते ही किरीबुरू थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई थी। मामला बेहद गंभीर और जानलेवा हमले से जुड़ा होने के कारण थाना प्रभारी रोहित कुमार ने आरोपी की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी शुरू कर दी थी। पुलिस की मुस्तैदी के कारण आरोपी को जल्द ही दबोच लिया गया।

