नई दिल्ली। दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आईआईएफएल होम फाइनेंस ने क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (कैबी) और समर्थानम ट्रस्ट फॉर द डिसेबल्ड के साथ साझेदारी की है। इस सहयोग के तहत तीनों संस्थाओं ने एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
अक्टूबर में खेली जाएगी भारत-नेपाल शृंखला
इस साझेदारी के तहत अक्टूबर 2026 में दिल्ली-एनसीआर में भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय दृष्टिबाधित क्रिकेट शृंखला का आयोजन किया जाएगा। शृंखला में दोनों देशों की टीमों के बीच पांच टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। इसका उद्देश्य दृष्टिबाधित क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अवसर प्रदान करना और ब्लाइंड क्रिकेट के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
समावेशी खेल संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
आईआईएफएल होम फाइनेंस की मुख्य मानव संसाधन अधिकारी आरती मरवाहा ने कहा कि यह साझेदारी समावेशन, आत्मविश्वास और सामाजिक प्रभाव को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, कैबी के अध्यक्ष डॉ. महांतेश जी किवादसन्नावर ने कहा कि ब्लाइंड क्रिकेट दृष्टिबाधित खिलाड़ियों को नेतृत्व, टीम भावना और वैश्विक पहचान हासिल करने का अवसर प्रदान करता है।
आयोजकों के अनुसार, इस शृंखला में दोनों देशों के प्रतिभाशाली दृष्टिबाधित खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और संघर्ष की प्रेरणादायक कहानियों के साथ मैदान पर उतरेंगे। इससे ब्लाइंड क्रिकेट को नई पहचान मिलने के साथ-साथ समावेशी खेल संस्कृति को भी मजबूती मिलेगी।
