देवघर। झारखंड के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू शनिवार को अपनी पत्नी के साथ विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
वैदिक रीति से कराया गया संकल्प
मंदिर के तीर्थ पुरोहितों ने मंत्री दंपति का वैदिक रीति से संकल्प कराया। इसके बाद उन्होंने द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ के कामना लिंग का जलाभिषेक किया। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी, मंदिर प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारी और झामुमो के कई कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
श्रावणी मेला की तैयारियों का लिया जायजा
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शनिवार को श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों की समीक्षा के लिए बाबा बैद्यनाथ एवं बासुकीनाथ श्राइन बोर्ड की बैठक में शामिल होने देवघर आना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से उनका दौरा स्थगित हो गया। उनके स्थान पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू देवघर पहुंचे।
दौरे के दौरान मंत्री ने श्रावणी मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया और अधिकारियों से कांवरियों के लिए की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
