खूंटी। खूंटी के विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि शिक्षा, सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य के साथ-साथ खेल का विकास भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिल सके।
शनिवार को मुरहू प्रखंड की कुदा पंचायत के एटकेडीह गांव में विधायक मद से निर्मित खेल मैदान का उद्घाटन करते हुए विधायक ने कहा कि खेल मैदान बनने से गांव के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लंबे समय से खेल मैदान की मांग की जा रही थी। मैदान नहीं होने के कारण बच्चों और युवाओं को अभ्यास करने तथा खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नए खेल मैदान के निर्माण से अब नियमित अभ्यास और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन संभव हो सकेगा।
ग्रामीणों ने खेल मैदान के निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए विधायक राम सूर्या मुंडा के प्रति आभार व्यक्त किया।
उद्घाटन समारोह में कुदा पंचायत के मुखिया अमर मुंडू, विधायक प्रतिनिधि डिक्सन पूर्ति, मीका सोय, गया मुंडा के वंशज रमय मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
