सारण। ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी चिरांद में आगामी 29 जून को आयोजित होने वाले चिरांद चेतना महोत्सव एवं गंगा गरिमा रक्षा संकल्प समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। चिरांद विकास परिषद के सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली सहमति
श्रीराम तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति मिलने के बाद क्षेत्र के नागरिकों और प्रबुद्ध वर्ग में उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में चिरांद को भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पुरातात्विक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र बताया है।
विरासत संरक्षण और गंगा गरिमा पर रहेगा फोकस
चिरांद विकास परिषद के अनुसार महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र की ऐतिहासिक और पुरातात्विक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना है। इसके साथ ही गंगा संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संतुलन और स्थानीय धरोहरों के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
समारोह के दौरान श्रद्धालु और नागरिक गंगा संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर सामूहिक संकल्प भी लेंगे। परिषद ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और आम लोगों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
