नई दिल्ली। भारत के युवा स्पिनर मानव सुथार को इंग्लैंड की प्रतिष्ठित काउंटी टीम वारविकशायर ने मौजूदा काउंटी चैंपियनशिप के अगले दो मुकाबलों के लिए अनुबंधित किया है। हाल ही में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले मानव अब इंग्लैंड की घरेलू क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते नजर आएंगे।
यॉर्कशायर और समरसेट के खिलाफ खेलेंगे मुकाबला
मानव सुथार 12 जून से स्कारबोरो में यॉर्कशायर के खिलाफ होने वाले मैच में वारविकशायर की ओर से मैदान पर उतरेंगे। इसके बाद वह अगले सप्ताह टॉन्टन में समरसेट के खिलाफ होने वाले मुकाबले में भी टीम का हिस्सा रहेंगे।
टेस्ट पदार्पण में छोड़ी थी छाप
मानव ने अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में खेले गए अपने पहले टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने पहली पारी में छह विकेट झटके और पूरे मैच में कुल सात विकेट अपने नाम किए। अपने पहले ही टेस्ट ओवर में विकेट हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
घरेलू क्रिकेट में राजस्थान के लिए लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर मानव भारतीय टीम तक पहुंचे। वह अब तक 29 प्रथम श्रेणी मैचों में 129 विकेट हासिल कर चुके हैं।
वारविकशायर ने जताया भरोसा
वारविकशायर के प्रदर्शन निदेशक जेम्स थॉमस ने कहा कि मानव सुथार टीम के गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देंगे और भारतीय टेस्ट टीम में उनका चयन उनकी क्षमता का प्रमाण है। वहीं, मानव ने इस अवसर को अपने करियर के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वह टीम को खिताब की दौड़ में मदद करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।
फिलहाल वारविकशायर छह मैचों में दो जीत और दो ड्रॉ के साथ काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन-एक की अंकतालिका में चौथे स्थान पर है।
