31.9 C
Kolkata
Thursday, July 2, 2026

हिमांशु सिंह हत्याकांड: नए एसएसपी के आते ही एसआईटी ने बदली जांच की रणनीति

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती नजर आ रही है। जिले के नए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एहतेशाम वकारिब ने पदभार संभालने के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जांच की नई रणनीति तैयार की। पुलिस अब केवल आरोपितों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि पूरी साजिश का पर्दाफाश करने पर भी फोकस कर रही है।

सीसीटीवी और डिजिटल साक्ष्यों पर सबसे ज्यादा जोर

जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने 24 जून की रात 8 बजे से 12 बजे तक बार परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है। फुटेज के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद कैसे शुरू हुआ, सबसे पहले हथियार किसने निकाला, हिमांशु सिंह पर हमला किस क्रम में हुआ और घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों की भूमिका क्या थी।

इसके साथ ही पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), मोबाइल टावर लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी गहन जांच कर रही है।

मुख्य आरोपी तक पहुंचने की कोशिश तेज

पुलिस मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा तक पहुंचने और यह पता लगाने में जुटी है कि उसे घटनास्थल पर किसने बुलाया था। यदि जांच में किसी व्यक्ति की साजिश में संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी हत्या की साजिश के तहत कार्रवाई की जाएगी।

बार कर्मचारियों और संचालक की भूमिका भी जांच के घेरे में

एसआईटी ने बार के मैनेजर, वेटर, बाउंसर, कैशियर और अन्य कर्मचारियों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि विवाद किस टेबल से शुरू हुआ, उस समय कौन मौजूद था और कर्मचारियों ने क्या देखा।

वहीं बार संचालक नीरज सिंह की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या उन्हें हथियारबंद लोगों की मौजूदगी की जानकारी थी, घटना के बाद किसी आरोपी को भागने में मदद मिली या नहीं तथा सुरक्षा और लाइसेंस संबंधी नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

फोरेंसिक जांच और छापेमारी जारी

घटनास्थल से मिले खून के नमूनों, फिंगरप्रिंट और अन्य भौतिक साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच जारी है। तकनीकी टीम मोबाइल लोकेशन और डिजिटल रिकॉर्ड का विश्लेषण कर घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ रही है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और मामले से जुड़ी कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की गई है।

Related Articles

नवीनतम लेख