मेलबर्न। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने महिला महिला बिग बैश लीग 2026-27 के 12वें सीजन का कार्यक्रम जारी कर दिया है। टूर्नामेंट की शुरुआत 29 अक्टूबर से मेलबर्न के जंक्शन ओवल में डबल-हेडर मुकाबलों के साथ होगी। पूरे टूर्नामेंट में 38 दिनों के भीतर कुल 43 मैच खेले जाएंगे।
पहली बार फ्लडलाइट में होगा मुकाबला
इस सीजन की खास बात यह होगी कि जंक्शन ओवल में पहली बार फ्लडलाइट्स की रोशनी में टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। स्टेडियम में फ्लडलाइट लगाने का काम अगस्त 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। दर्शकों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से इस बार अधिकांश मुकाबले गुरुवार से रविवार के बीच आयोजित किए गए हैं।
14 डबल-हेडर, अंतिम दौर में बड़े मुकाबले
पूरे टूर्नामेंट में 14 डबल-हेडर मुकाबले होंगे। लीग चरण के अंतिम दौर में 28 नवंबर को मेलबर्न डर्बी और सिडनी स्मैश जैसे हाई-वोल्टेज मुकाबले खेले जाएंगे। इसके अलावा हैलोवीन और मेलबर्न कप ईव पर भी विशेष मैचों का आयोजन किया जाएगा।
नॉकआउट चरण का कार्यक्रम
1 दिसंबर को तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच नॉकआउट मुकाबला खेला जाएगा। इसके विजेता का सामना दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से चैलेंजर मैच में होगा, जबकि विजेता टीम फाइनल में जगह बनाएगी।
विदेश में उद्घाटन की फिलहाल नहीं है योजना
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बिग बैश लीग्स के एग्जीक्यूटिव जनरल मैनेजर एलिस्टेयर डॉब्सन ने कहा कि फिलहाल डब्ल्यूबीबीएल का उद्घाटन ऑस्ट्रेलिया के बाहर कराने की कोई योजना नहीं है। हालांकि, भविष्य में इस संभावना से इनकार भी नहीं किया जा सकता।
हॉबार्ट हरिकेन्स मौजूदा चैंपियन
पिछले सीजन में हॉबार्ट हरिकेन्स ने पहली बार डब्ल्यूबीबीएल का खिताब अपने नाम किया था। वहीं ब्रिस्बेन हीट का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और टीम पूरे सीजन में एक भी मैच नहीं जीत सकी।
