33 C
Kolkata
Wednesday, May 13, 2026

बशीरहाट में फिर भड़की चुनावी हिंसा: भाजपा कार्यकर्ता को मारी गोली, हालत नाजुक

कोलकाता/बशीरहाट । पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की हत्या के कुछ ही घंटों बाद, अब बशीरहाट में एक और भाजपा कार्यकर्ता को निशाना बनाया गया है। बुधवार रात भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय उर्फ चिंटू को गोली मार दी गई, जिससे इलाके में भारी तनाव है।

झंडा लगाने को लेकर हुआ था विवाद
यह घटना बशीरहाट के गोत्रा इलाके में हुई। मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में भाजपा के झंडे लगाने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और कथित तृणमूल कांग्रेस (TMC) समर्थकों के बीच तीखी बहस हुई थी। भाजपा का आरोप है कि इसी विवाद के चलते “तृणमूल समर्थित बदमाशों” ने रोहित पर हमला किया।

घायल कार्यकर्ता का बयान: ‘8-10 लोगों ने घेरा’
रोहित रॉय के पेट में गोली लगी है और उन्हें तुरंत बशीरहाट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है। भाजपा की मीडिया सेल द्वारा जारी एक वीडियो में रोहित ने अस्पताल से बयान देते हुए बताया कि जब वे झंडा लगा रहे थे, तब 8 से 10 लोगों के समूह ने उन्हें घेर लिया और उनमें से तीन लोगों ने उन पर सीधी फायरिंग कर दी।

प्रशासनिक कार्रवाई और तनाव
मध्यमग्राम में शुभेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या के बाद बशीरहाट की इस घटना ने पुलिस प्रशासन की चुनौतियों को और बढ़ा दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

Related Articles

नवीनतम लेख