पश्चिम मेदिनीपुर । विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद भड़की हिंसा को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। पश्चिम मेदिनीपुर जिले में शांति बहाली के लिए पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पिछले 24 घंटों में 162 लोगों को गिरफ्तार किया है।
प्रशासन की चेतावनी: ‘बर्दाश्त नहीं होगी प्रतिशोध की राजनीति’
बुधवार शाम मेदिनीपुर में आयोजित एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में जिलाधिकारी बीजिन कृष्णा और पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने स्पष्ट संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि चुनाव के बाद तोड़फोड़, आगजनी या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
खड़गपुर में तनाव और पुलिस की मुस्तैदी
ताजा स्थिति: गुरुवार सुबह खड़गपुर के कुछ वार्डों में पार्टी कार्यालयों पर कब्जे को लेकर गहमागहमी देखी गई, हालांकि पुलिस ने इसे आपसी गुटबाजी का मामला बताकर शांत करा दिया। संवेदनशील इलाकों में पुलिस और केंद्रीय बलों (CRPF) की तैनाती बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा जगाने के लिए लगातार रूट मार्च किया जा रहा है।
एसपी का सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी दल का कार्यकर्ता हो, यदि वह शांति भंग करने की कोशिश करेगा, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार किए गए 162 आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामले दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

