32.9 C
Kolkata
Tuesday, July 14, 2026

विश्व कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड और अर्जेंटीना की महामुकाबला आज

नई दिल्ली। फीफा विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल बुधवार को अटलांटा में खेला जाएगा, जहां इंग्लैंड और अर्जेंटीना आमने-सामने होंगे। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला 16 जुलाई की रात 12:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमें फाइनल में जगह बनाने के इरादे से उतरेंगी, जबकि फुटबॉल जगत की सबसे चर्चित प्रतिद्वंद्विताओं में एक और ऐतिहासिक मुकाबला देखने को मिलेगा।

इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच मुकाबलों का इतिहास काफी रोमांचक रहा है। 1966 विश्व कप में एंटोनियो रैटिन के विवादित लाल कार्ड, 1986 में डिएगो माराडोना के चर्चित ‘हैंड ऑफ गॉड’ और ‘गोल ऑफ द सेंचुरी’, 1998 में डेविड बेकहम के लाल कार्ड तथा 2002 में उनकी पेनाल्टी से इंग्लैंड की जीत जैसे कई यादगार पल इस प्रतिद्वंद्विता का हिस्सा रहे हैं।

पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ खेलेंगे मेसी

इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा लियोनेल मेसी को लेकर है। अपने लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में वह पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ आधिकारिक सीनियर मुकाबला खेलेंगे। 39 वर्षीय मेसी इस विश्व कप में आठ गोल कर चुके हैं और अर्जेंटीना को लगातार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।

हालांकि अर्जेंटीना अब सिर्फ मेसी पर निर्भर नहीं है। जूलियन अल्वारेज़ ने पिछले दो नॉकआउट मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया है और टीम के आक्रमण को मजबूती दी है।

केन और बेलिंघम पर इंग्लैंड की उम्मीदें

इंग्लैंड की उम्मीदें कप्तान हैरी केन और जूड बेलिंघम पर टिकी होंगी। दोनों खिलाड़ियों ने इस विश्व कप में अब तक 12 गोल कर टीम को कई अहम मुकाबलों में जीत दिलाई है। वहीं बुकायो साका और एंथनी गॉर्डन भी अर्जेंटीना की रक्षापंक्ति के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।

मिडफील्ड की टक्कर करेगी फैसला

इस मुकाबले में मिडफील्ड की जंग निर्णायक साबित हो सकती है। इंग्लैंड के डेक्लान राइस और इलियट एंडरसन की कोशिश मेसी को खुलकर खेलने से रोकने की होगी, जबकि अर्जेंटीना के एलेक्सिस मैक एलिस्टर और एंजो फर्नांडेज़ इंग्लैंड के खेल की गति पर अंकुश लगाने का प्रयास करेंगे।

फाइनल में जगह बनाने के साथ-साथ यह मुकाबला विश्व फुटबॉल की सबसे प्रतिष्ठित प्रतिद्वंद्विताओं में एक और यादगार अध्याय जोड़ने के लिए भी जाना जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख