32.9 C
Kolkata
Tuesday, July 14, 2026

नवादा में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, दहेज हत्या के आरोप से गांव में तनाव

नवादा। जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के चौबे पंचायत के भलूया गांव में 28 वर्षीय विवाहिता हेमलता देवी का शव घर के बंद कमरे में पंखे से साड़ी के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों के अनुसार, मृतका का चार वर्षीय पुत्र अपनी मां को जगाने के लिए दरवाजा खटखटाता रहा। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर सास ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तुड़वाया। अंदर हेमलता पंखे से लटकी मिली। उसे तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

दहेज हत्या का आरोप

मृतका के पिता दिनेश प्रसाद, माता किरण देवी और भाई रौशन कुमार ने पति अनीश कुमार, सास, ससुर और ननद पर दहेज में 10 लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पहले हेमलता की हत्या की गई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।

हेमलता की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। उसका एक चार वर्षीय पुत्र है। परिजनों का दावा है कि वह तीन माह की गर्भवती भी थी। भाई के अनुसार, सोमवार रात उसकी हेमलता से फोन पर बातचीत हुई थी। वह मानसिक रूप से परेशान थी, लेकिन खुलकर कुछ नहीं बता सकी।

घटना के बाद बढ़ा तनाव

ग्रामीण महिलाओं के मुताबिक, सोमवार शाम ब्लूटूथ ईयरफोन को लेकर हेमलता और उसके ससुर के बीच हल्की कहासुनी हुई थी। वहीं, उसका पति चेन्नई में नौकरी करता है और करीब दस दिन पहले ही गांव से वापस गया था।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने घर में रखे सामान को तोड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान सरकारी जांच पूरी होने तक सामान नहीं तोड़ने की अपील करने पर चौकीदार महेंद्र प्रसाद के साथ मारपीट की गई। इससे कुछ देर के लिए गांव में तनाव की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर नियंत्रित किया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव पर फांसी के निशान मिले हैं, लेकिन यह हत्या है या आत्महत्या, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

Related Articles

नवीनतम लेख