सुपौल। मुख्य सचिव, बिहार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने 13 अगस्त 2026 तक जिले में 29,299 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिदिन औसतन 977 नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे।
जिलाधिकारी सावन कुमार ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को पंचायत स्तर पर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है। अभियान के तहत पात्र और वंचित परिवारों की पहचान कर उन्हें स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से नए राशन कार्ड के लिए आवेदन कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
नए राशन कार्ड के लिए आवेदक अपने मोबाइल, साइबर कैफे या पंचायत भवन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड (मोबाइल नंबर से जुड़ा हुआ), जाति, आय और निवास प्रमाण-पत्र, बैंक पासबुक तथा आवेदक सहित पूरे परिवार का फोटो आवश्यक होगा।
व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलेगा
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित सत्यापन और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। लोगों को जागरूक करने के लिए पंचायतों में माइकिंग, प्रचार वाहन, ग्राम सभाएं, जनप्रतिनिधियों, जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य स्थानीय माध्यमों की मदद ली जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि राशन कार्ड निर्माण से जुड़े सभी आवश्यक प्रमाण-पत्र और अन्य औपचारिकताओं का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए तथा प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र और वंचित परिवारों से 31 जुलाई 2026 तक नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने की अपील की है, ताकि सत्यापन के बाद 13 अगस्त 2026 तक उन्हें राशन कार्ड उपलब्ध कराया जा सके और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलने वाले खाद्यान्न सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
