26.5 C
Kolkata
Thursday, June 11, 2026

आईएसएसएफ विश्व कप शॉटगन में पहले दिन भारतीयों खिलाड़ियों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

 शपथ भारद्वाज ने 75 में से 71 निशाने साधकर दो परफेक्ट सीरीज लगाई

अल्माटी (कजाकिस्तान) । आईएसएसएफ विश्व कप शॉटगन प्रतियोगिता में भारत के शपथ भारद्वाज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष ट्रैप स्पर्धा के पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। असानोव शूटिंग क्लब में आयोजित प्रतियोगिता में शपथ ने 75 में से 71 निशाने साधे।

शपथ भारद्वाज ने दिन की शुरुआत लगातार दो परफेक्ट 25-25 की सीरीज के साथ की। हालांकि, तीसरी सीरीज में वह 21 अंक ही बना सके, जिसके कारण उनकी रैंकिंग थोड़ी नीचे खिसक गई। इसके बावजूद वह भारतीय खिलाड़ियों में सबसे आगे रहे।

भारत के विवान कपूर ने भी दूसरी सीरीज में परफेक्ट 25 का स्कोर किया। उन्होंने पहली सीरीज़ में 22 और तीसरी में 23 अंक हासिल कर दिन का समापन 70 अंकों के साथ किया। अहवर रिज़वी ने 23, 22 और 23 के स्कोर के साथ कुल 68 अंक जुटाए। रैंकिंग अंक के लिए खेल रहे उदैवीर सिंह जैजी ने 71 और अली अमान इलाही ने 66 अंक बनाए।

महिला ट्रैप स्पर्धा में मनीषा कीर भारत की सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज़ रहीं। उन्होंने शुरुआती दो सीरीज़ में लगातार 24-24 अंक हासिल किए, लेकिन तीसरी सीरीज़ में 21 निशाने ही साध सकीं। कुल 69 अंकों के साथ वह फिलहाल 17वें स्थान पर हैं।

राष्ट्रीय चैंपियन नीरू ढांडा ने 23, 23 और 22 अंक हासिल कर कुल 68 स्कोर बनाया और 21वें स्थान पर रहीं। प्रगति दुबे ने 18, 23 और 24 के स्कोर के साथ कुल 65 अंक बनाए, जिससे वह 35वें स्थान पर हैं। रैंकिंग अंक के लिए खेल रहीं वर्षा वर्मन ने 61 और विधि सिंह ने 62 अंक अर्जित किए।

पुरुष और महिला दोनों ट्रैप स्पर्धाओं के बाकी 50 निशाने और फाइनल मुकाबले शुक्रवार को खेले जाएंगे।

Related Articles

नवीनतम लेख