31 C
Kolkata
Saturday, May 16, 2026

एयर इंडिया-एयर इंडिया एक्सप्रेस आज पश्चिम एशिया क्षेत्र से 26 उड़ानें करेंगी संचालित

नई दिल्ली। टाटा की अगुवाई वाली एयरलाइन एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस मिलकर आज पश्चिम एशिया क्षेत्र से आने-जाने वाली कुल 26 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी। यह जानकारी एयर इंडिया ने एक्स पोस्ट में दी। कंपनी ने कहा है कि दोनों एयरलाइंस जेद्दाह के लिए अपनी-अपनी निर्धारित सेवाएं जारी रखेंगी, भारत और जेद्दाह के बीच कुल 8 उड़ानें होंगी।

एयरलाइन के मुताबिक इनमें से एयर इंडिया दिल्ली और मुंबई से एक-एक वापसी उड़ान संचालित करेगी, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस कोझिकोड और मंगलौर से एक-एक उड़ान संचालित करेगी। इसके अलावा, एयर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए 4 निर्धारित उड़ानें संचालित करेगी, जिनमें दिल्ली और मुंबई से उड़ानें शामिल हैं। इसके साथ ही बेंगलुरु और कोझिकोड से रियाद के लिए चार निर्धारित उड़ानें भी संचालित करेगी। एयर इंडिया रियाद और मुंबई के बीच 2 निर्धारित उड़ानें भी संचालित करेगी। नियमित सेवाओं के अतिरिक्त, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से आने-जाने वाली कुल 8 अनियमित उड़ानें संचालित करेंगी, जो उस समय प्रस्थान स्टेशनों पर उपलब्ध स्लॉट और अन्य प्रचलित स्थितियों पर निर्भर करेंगी।

कंपनी के मुताबिक ये सभी उड़ानें संबंधित भारतीय और स्थानीय नियामक प्राधिकरणों से आवश्यक अनुमतियों के साथ संचालित की जा रही हैं। उत्तरी अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और अन्य क्षेत्रों से आने-जाने वाली एयर इंडिया की उड़ानें निर्धारित समय पर संचालित होती रहेंगी। जिन यात्रियों ने उन मार्गों पर यात्रा के लिए बुकिंग की है, जहां एयर इंडिया समूह की नियमित सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित हैं, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के भविष्य की तिथि के लिए बुकिंग करा सकते हैं या पूर्ण धनवापसी का विकल्प चुन सकते हैं।

एयर इंडिया ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी बुकिंग या रद्द करने के अनुरोध एयरलाइन की वेबसाइट पर करें। अधिक जानकारी के लिए +911169329333 या +911169329999 नंबरों पर संपर्क करें। एयर इंडिया एक्सप्रेस के जिन यात्रियों ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के किसी भी स्टेशन से यात्रा के लिए बुकिंग कराई है, वे यूएई के किसी भी स्टेशन से भारत के किसी भी गंतव्य तक जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की अतिरिक्त वाणिज्यिक उड़ानों पर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी उड़ानें आसानी से फिर बुक कर सकते हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख