महाराष्ट्र से नीट यूजी 2026 री-एग्जाम से पहले एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नागपुर के अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब को जारी एडमिट कार्ड में नागपुर की जगह अबूधाबी (UAE) का सेंटर मिल गया। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद वह पूरी रात रोया। एजेंसी की लापरवाही से टूट चुका है। पिता दिलासा भी नहीं दे पा रहे हैं। मां किसी तरह बेटे का हौसला बढ़ाने की कोशिश कर कर रही है। क्योंकि एनटीए द्वारा जारी किए गए नीट री-एग्जाम एडमिट कार्ड पर दिया गया एग्जाम सेंटर उसके घर से करीब 2500 किलोमीटर दूर है।
छात्र के पिता ने कहा, ‘कल वह बहुत रोया और एग्जाम भी नहीं देना चाहता था। लेकिन उसकी मां ने उसे समझाने की कोशिश की। अगर वह मान जाता है, तो वह एग्जाम देगा। उसके पास पासपोर्ट भी नहीं है।’ परिवार की एनटीए से मांग है कि नागपुर का एग्जाम सेंटर दिया जाए। क्योंकि अब किसी दूसरे जिले में जाने का समय नहीं है। इसी तरह भुवनेश्वर की संजना संजीवनी को देहरादून में सेंटर दे दिया गया है। हालांकि बाद में गलती सुधार दी गई। NTA के डीजी अभिषेक सिंह ने बताया दोनों के सेंटर बदल दिए गए हैं।
21 जून को होने वाली एग्जाम में 22.79 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए भारत के 551 और विदेश के 14 शहरों में 5000 से ज्यादा एग्जाम सेंटर बनाए गए हैं। NTA के मुताबिक एग्जाम कंडक्ट कराने में 2 लाख से अधिक कर्मी, 674 सिटी कोऑर्डिनेटर और 6,669 ऑब्जर्वर लगाए गए हैं।
