34 C
Kolkata
Monday, May 18, 2026

सासाराम स्टेशन पर खड़ी पटना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में लगी भीषण आग, बोगियां जलकर राख

सोन । पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां सासाराम से पटना जाने वाली ट्रेन संख्या 53212 फास्ट पैसेंजर में शॉट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। इस हादसे में ट्रेन की पांचवीं बोगी पूरी तरह से जलकर राख हो गई, जबकि चौथी बोगी का पिछला हिस्सा भी आग की लपटों की चपेट में आ गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

सुबह-सुबह हुआ हादसा, टला बड़ा नुकसान
सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर रोजाना की तरह प्लेटफॉर्म संख्या छह पर प्रस्थान करने के लिए खड़ी थी। सुबह करीब 5:30 बजे जब यात्री ट्रेन में बैठ ही रहे थे, तभी अचानक एक बोगी से धुंआ निकलने लगा। स्टेशन पर मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने धुआं देखकर तुरंत शोर मचाना शुरू किया।

शोर सुनते ही पास के रैक पॉइंट पर मौजूद मजदूरों की टोली तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिशों में जुट गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड का दस्ता भी मौके पर पहुंच गया। जब तक आग पर पूरी तरह काबू पाया जाता, तब तक पांचवीं बोगी जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थी। हालांकि, रेलकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए बाकी बोगियों को काटकर अलग कर दिया, जिससे आग आगे नहीं फैल सकी।

यात्री हुए परेशान, रेलवे ने की वैकल्पिक व्यवस्था
इस हादसे के कारण ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पटना और आरा जाने वाले कई यात्री बस या अन्य साधनों की तलाश में जुट गए। प्रभावित पैसेंजर ट्रेन को फिलहाल सासाराम स्टेशन पर ही रोक दिया गया है।

यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने प्लेटफॉर्म संख्या सात पर खड़ी सासाराम-आरा सवारी गाड़ी को उसके निर्धारित समय पर रवाना किया, ताकि यात्री अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

रेलवे अधिकारियों का बयान: जांच के आदेश
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सासाराम स्टेशन पर खड़ी पैसेंजर ट्रेन के कोच से धुआं निकलने के बाद त्वरित कार्रवाई की गई। ट्रेन प्लेटफॉर्म पर स्थिर अवस्था में थी और उस समय कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था।

सुबह करीब छह बजे प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग किया गया और फायर ब्रिगेड की मदद से सुबह 6:45 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी भी यात्री या रेलकर्मी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। रेलवे प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख