समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित सामान्य शाखा कार्यालय का मंगलवार को उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति और अनुशासन की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण में पाया गया कि निम्न वर्गीय लिपिक प्रणय प्रतीक बिना सूचना या अनुमति के कार्यालय में अनुपस्थित थे। इसके बाद उपायुक्त ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए लिपिक को तुरंत शो-कॉज जारी कर दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी कि कार्यालय में समय का पालन, अनुशासन और जनता के प्रति जवाबदेही सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की छवि जनता की संतुष्टि और काम की गुणवत्ता पर निर्भर करती है। सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहना होगा और सेवाओं को समय पर उपलब्ध कराना अनिवार्य है।


