चान्हो थाना क्षेत्र के लुरूंगा गांव में हाथी के हमले में 40 वर्षीय किसान छोटन मुंडा की मौत हो गई। घटना शनिवार देर रात की है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार की सुबह रांची-मेदिनीनगर मुख्य पथ पचंभा गांव के पास सुबह आठ से 10 बजे तक जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। ग्रामीण पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे थे? इसके बाद स्थानीय प्रशासन और वन विभाग ने ₹25 हजार रुपये की तत्काल सहायता प्रदान की और स्थायी समाधान का आश्वासन देकर जाम हटवाया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात धान के खेत में घुसे हाथी को ग्रामीण खदेड़ रहे थे। उसी दौरान एक हाथी ने छोटन को खदेड़कर मार डाला। छोटन घर का इकलौता कमाऊ था और उसके चार बच्चे हैं। ज्ञात हो कि पिछले कुछ दिनों से 22 हाथियों का झुंड लुरुंगी जंगल में जमा है और धान समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन के आश्वासन के बाद हटा जाम सड़क जाम की सूचना मिलते ही चान्हो पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान वन विभाग ने तात्कालिक सहायता के रूप में परिजनों को ₹25 हजार रुपये सहायता राशि प्रदान की। वहीं उनकी अन्य मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर सड़क जाम हटवाया।


