22 C
Kolkata
Thursday, April 30, 2026

कांग्रेस का यह तथाकथित ‘टैलेंट हंट’ कार्यक्रम असल में ‘डैमेज कंट्रोल हंट’ है: प्रतुल शाहदेव

झारखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और राष्ट्रीय प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिए गए बयानों पर पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि कांग्रेस बिहार में सिंगल डिजिट सीटों के आंकड़े पर सिमट गई है। अब इस मुद्दे पर डैमेज कंट्रोल करने के लिए नया पोस्टर और नया प्रवक्ता पैनल का नाटक कर रही है। कांग्रेस झारखंड में अपनी संगठनात्मक क्षमता को छुपाने के लिए नए-नए पोस्टर और कार्यक्रम लॉन्च कर रही है,लेकिन जनता सब जानती है कि जिस पार्टी में शीर्ष नेताओं की ही विश्वसनीयता शून्य है,वहां प्रवक्ता बदलने से कुछ नहीं बदलेगा।
प्रतुल ने कहा कि इस गंभीर प्रेस कॉन्फ्रेंस को कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने हंसी के शो में बदल दिया, जब उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वास्तविकता में और सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कहीं अधिक लोकप्रिय हैं। उन्होंने कहा कि यह दुनिया जानती है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता है। देश की बात छोड़िए विदेश में भी उनके टक्कर का कोई दूसरा नेता नहीं है। प्रतुल ने कहा कि कांग्रेस जिस टैलेंट हंट की बात कर रही है, वह सिर्फ एक नया राजनीतिक शो-ऑफ है, क्योंकि सबसे पहले कांग्रेस को अपने शीर्ष नेतृत्व में “वैचारिक निष्ठा” ढूंढनी चाहिए, जो रोज़ दल बदलने वाले, टिकट बेचने वाले और परिवारवाद से ऊपर नहीं उठ पाए हैं। कांग्रेस जिस “स्पष्ट सोच” की मांग कर रही है, वही सोच उसकी अपनी नीतियों से गायब है। कांग्रेस के नेता देश और संविधान की दुहाई देते हैं, लेकिन झारखंड में भ्रष्टाचार और लूट की राजनीति की सबसे बड़ी साझेदार वही पार्टी रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 140 करोड़ आबादी वाले देश में कांग्रेस को 200 करोड़ लोगों की प्रतिक्रियाएं मिलना हास्यास्पद लगता है। पाकिस्तान और बांग्लादेश से भी प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। 140 करोड़ की आबादी वाले देश में कांग्रेस को 200 करोड़ लोगों की प्रतिक्रिया मिलने का दावा ही सारे अभियान की पोल खोलता है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के प्रवक्ता का यह कहना कि उन्हें 200 करोड लोगों ने प्रतिक्रियाएं दी हैं हास्यास्पद है। इसी से प्रतीत होता है कि उनको अब पाकिस्तान और बांग्लादेश से भी प्रतिक्रिया मिल रही हैं। बात जमीन की हो या सोशल मीडिया की हो भाजपा और कांग्रेस में कोई मुकाबला ही नहीं है।

Related Articles

नवीनतम लेख