रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक सिद्धार्थ त्रिपाठी से मुलाकात कर पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और हरित पहल को प्रभावी बनाने पर चर्चा की। बैठक में व्यापक पौधारोपण अभियान, पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम, औद्योगिक क्षेत्रों में हरित वातावरण विकसित करने तथा प्रदूषण नियंत्रण के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने पर सहमति बनी।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक सिद्धार्थ त्रिपाठी ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में चैंबर की पहल की सराहना करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण अभियान से जोड़ने के लिए जनजागरूकता आवश्यक है। उन्होंने वन विभाग की ओर से झारखंड चैंबर को पौधे उपलब्ध कराने की सहमति दी, ताकि विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन के बीच पौधों का वितरण कर उन्हें वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया जा सके।
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज, उद्योग और व्यापार जगत की भी समान भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौतियों को देखते हुए हर संस्था और नागरिक को पौधारोपण अभियान से जुड़ना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि वन विभाग और चैंबर के संयुक्त प्रयासों से राज्य में पर्यावरण संरक्षण को नई गति मिलेगी।
चैंबर के सह सचिव नवजोत अलंग ने बताया कि चैंबर की स्वच्छ भारत एवं पौधारोपण उपसमिति कई वर्षों से पौधारोपण और जनजागरूकता अभियान चला रही है। वन विभाग से पौधे मिलने पर इन अभियानों का दायरा और बढ़ेगा। वहीं उपसमिति के अध्यक्ष किशन अग्रवाल ने पौधारोपण अभियान में सहयोग के लिए वन विभाग का आभार व्यक्त किया।
