औरैया। लगातार हो रही बारिश के कारण सदर विकास खंड की ग्राम पंचायत बबाईन के मजरा आहनेरान को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली डामर सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। कई स्थानों पर सड़क कट जाने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, किसानों और रोजमर्रा के कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को हो रही है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दीप चंद्र निषाद ने बताया कि आहनेरान मार्ग हर वर्ष बरसात के दौरान कट जाता है। यह सड़क लोक निर्माण विभाग के अधीन है, लेकिन समय रहते स्थायी समाधान नहीं होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और छात्र-छात्राएं गुजरते हैं। सड़क कटने से लोगों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है, जबकि कई अभिभावक बच्चों को विद्यालय भेजने से भी हिचक रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव से बाहर निकलने का यह प्रमुख मार्ग है। इसके क्षतिग्रस्त होने से खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। किसानों को खाद, बीज और कृषि उपकरण लाने-ले जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही किसी बीमार व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने की स्थिति में गंभीर कठिनाई खड़ी हो सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात समाप्त होने का इंतजार करने के बजाय तत्काल अस्थायी मरम्मत कर आवागमन बहाल कराया जाए। इसके बाद सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि हर वर्ष होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
ग्रामीण लाखन सिंह, रामचरण, जीतू, छोटेलाल, पिंटू पाल और भीम सिंह समेत अन्य लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो ग्रामीण आंदोलन करने को विवश होंगे। उन्होंने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जनहित में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
