नई दिल्ली । भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा 21 अगस्त को होने वाली लॉज़ेन डायमंड लीग में एक बार फिर मैदान पर उतरेंगे। राष्ट्रमंडल खेल-2026 में रजत पदक जीतने के बाद अब उनकी नजर डायमंड लीग के खिताब पर होगी।
लॉज़ेन में नीरज का मुकाबला पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम, मौजूदा विश्व चैंपियन केशोर्न वॉलकॉट, पूर्व विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स, पूर्व ओलंपिक चैंपियन थॉमस रोहलर और श्रीलंका के राष्ट्रमंडल स्वर्ण पदक विजेता रुमेश पाथिरागे जैसे दिग्गज खिलाड़ियों से होगा।
सीजन का दूसरा डायमंड लीग मुकाबला
ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में नीरज ने अपने सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 85.83 मीटर का थ्रो फेंका था और रजत पदक जीता था। वहीं, श्रीलंका के रुमेश पाथिरागे ने 89.75 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
लॉज़ेन डायमंड लीग के आयोजकों ने कहा कि इस प्रतियोगिता में पिछले चार ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप के विजेता कई शीर्ष भाला फेंक खिलाड़ी एक साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक होगा।
यह नीरज की इस सत्र की दूसरी डायमंड लीग प्रतियोगिता होगी। इससे पहले जून में दोहा डायमंड लीग में उन्होंने 85.69 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ चौथा स्थान हासिल किया था।
लॉज़ेन में शानदार रहा है रिकॉर्ड
28 वर्षीय नीरज चोपड़ा का लॉज़ेन में प्रदर्शन पहले भी शानदार रहा है। वर्ष 2024 में उन्होंने यहां 89.49 मीटर का थ्रो फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया था। अब भारतीय स्टार एक बार फिर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ भाला फेंक खिलाड़ियों के बीच अपनी चुनौती पेश करने के लिए तैयार हैं।
