31.6 C
Kolkata
Tuesday, August 4, 2026

अमेरिकी हिरासत केंद्र में कैदी की मौत के बाद नेवार्क में प्रदर्शन

वाशिंगटन । अमेरिका के न्यू जर्सी प्रांत के नेवार्क स्थित डेलाने हॉल अप्रवासन हिरासत केंद्र के बाहर सोमवार रात लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने 41 वर्षीय एडविन लोपेज कोर्नेजो की हिरासत में हुई मौत के विरोध में नारेबाजी करते हुए केंद्र को तत्काल बंद करने की मांग की।

सीबीएस न्यूज के अनुसार, संघीय गृह सुरक्षा विभाग (डीएचएस) ने पुष्टि की है कि कोर्नेजो की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। केंद्र के स्वास्थ्यकर्मियों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद आपातकालीन चिकित्सा सेवा के लिए 911 पर कॉल किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। विभाग ने कहा कि मौत के आधिकारिक कारण का खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।

गैरकानूनी प्रवेश के आरोप में था हिरासत में

डीएचएस के अनुसार, एडविन लोपेज कोर्नेजो मूल रूप से अल साल्वाडोर के रहने वाले थे। उन्हें वर्ष 2006 में गैरकानूनी तरीके से अमेरिका में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार कर वापस भेज दिया गया था। बाद में वह फिर से अमेरिका में दाखिल हुए। आईसीई ने उन्हें 18 जुलाई को न्यू जर्सी के प्लेनफील्ड से गिरफ्तार किया था।

कोर्नेजो की मां मारिया ने कहा कि उनका बेटा एक मेहनती व्यक्ति और अपनी छोटी बेटी का अच्छा पिता था। उन्होंने आरोप लगाया कि आईसीई की कार्रवाई ने उनके परिवार को बर्बाद कर दिया है।

डेलाने हॉल को बंद करने की मांग तेज

डेलाने हॉल केंद्र पहले भी कथित अमानवीय परिस्थितियों को लेकर विवादों में रहा है। इस वर्ष की शुरुआत में भी यहां कई सप्ताह तक विरोध प्रदर्शन हुए थे। न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि केंद्र में जांच प्रक्रिया में बाधा डाली जा रही है। उन्होंने कहा कि डेलाने हॉल को अब बंद कर दिया जाना चाहिए।

डेलाने हॉल एक निजी अप्रवासन हिरासत केंद्र है, जिसे मई 2025 में दोबारा खोला गया था और इसका संचालन जीईओ समूह द्वारा किया जाता है।

 

Related Articles

नवीनतम लेख