नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 7 अगस्त को राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में 12वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह का उद्घाटन करेंगी। केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत की समृद्ध हथकरघा विरासत का उत्सव मनाना और बुनकर समुदाय के योगदान को सम्मानित करना है।
जारी होंगे विशेष डाक टिकट और पुस्तकों का लोकार्पण
समारोह के दौरान भारत की विविध हथकरघा परंपराओं को समर्पित चार विशेष डाक टिकट जारी किए जाएंगे। इसके अलावा दो महत्वपूर्ण पुस्तकों- ‘अर्थ, रूट, थ्रेड- ऑल डाइड हैंडलूम टेक्सटाइल ऑफ सेंट्रल इंडिया’ और ‘हैंडलूम अवॉर्ड बुक 2025’ का लोकार्पण भी किया जाएगा।
22 बुनकरों को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान
कार्यक्रम में वर्ष 2025 के लिए उत्कृष्ट कारीगरी और नवाचार के क्षेत्र में कुल 22 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें तीन संत कबीर हथकरघा पुरस्कार और 19 राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार शामिल हैं।
समारोह में पुरस्कार विजेता हथकरघा उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही पारंपरिक ‘कानी बुनाई’ और ‘वॉल हैंगिंग बुनाई’ का लाइव प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिससे देश की पारंपरिक कला और बुनाई तकनीकों को प्रदर्शित किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, कपड़ा राज्यमंत्री पवित्र मार्गेरिटा, कपड़ा सचिव नीलम शमी राव, विकास आयुक्त (हथकरघा) डॉ. एम. बीना समेत कई अधिकारी, हस्तियां और देशभर से आए बुनकर शामिल होंगे।
