भोपाल/दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में गुरुवार को शांतिपूर्ण माहौल में मतदान जारी रहा। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, शाम पांच बजे तक 69.36 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
291 मतदान केंद्रों पर हुई वोटिंग, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दतिया विधानसभा क्षेत्र के 291 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
इस दौरान कांग्रेस ने सिरोल और जिगना में फर्जी मतदान की शिकायत की। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से बातचीत की। वहीं, पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के आरोपों पर कहा कि हार की स्थिति में कांग्रेस इस तरह के आरोप लगाती है। यह उनकी हताशा और निराशा को दर्शाता है।
सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार
बसई क्षेत्र के लखनपुर गांव में मुख्य सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया और “सड़क नहीं तो वोट नहीं” का नारा लगाया। सूचना मिलने पर एसडीएम अशोक अवस्थी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद करीब 50 ग्रामीणों ने मतदान किया।
वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला ने संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
23 उम्मीदवार मैदान में, 3 अगस्त को आएगा परिणाम
रामसागर गांव के मतदान केंद्र पर पुलिस कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को अपने साथ ले गई। एजेंट पर मतदाताओं से बातचीत करने का आरोप लगाया गया था। घटना का वीडियो बनाने पर पुलिस ने लोगों को रोका। हालांकि, कांग्रेस नेताओं के थाने पहुंचने के बाद पोलिंग एजेंट को छोड़ दिया गया।
दतिया विधानसभा क्षेत्र में कुल 23 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला कांग्रेस के घनश्याम सिंह और भाजपा के आशुतोष तिवारी के बीच माना जा रहा है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, मतगणना 3 अगस्त को होगी और इसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक में फर्जीवाड़े के मामले में एमपी-एमएलए न्यायालय से दो साल की सजा मिलने के बाद खाली हुई थी। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 80.2 प्रतिशत मतदान हुआ था। कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने भाजपा के नरोत्तम मिश्रा को 7742 वोटों से हराया था।
