रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की बैठक हुई। बैठक में राज्य के विभिन्न कारागारों में आजीवन सजा काट रहे 79 कैदियों की रिहाई से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। समीक्षा के बाद 26 कैदियों की रिहाई पर सहमति बनी।
79 मामलों पर हुई समीक्षा, पात्रता और आचरण की जांच
बैठक में राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की ओर से अनुशंसित 37 नए मामलों के साथ पिछली बैठकों में अस्वीकृत किए गए 42 मामलों पर भी विचार किया गया।
मुख्यमंत्री और अधिकारियों ने कैदियों की रिहाई से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की। इसमें निर्धारित मानक, पात्रता की शर्तें, कैदियों का आचरण, जेल में बिताई गई अवधि, कानूनी प्रावधान, न्यायालयों, जिला पुलिस अधीक्षक, जेल अधीक्षक और प्रोबेशन पदाधिकारियों के मंतव्य को शामिल किया गया।
सभी बिंदुओं पर विचार के बाद 26 कैदियों को रिहा करने पर सहमति बनी।
सभी प्रमंडलों में खुलेगी ओपन जेल
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बैठक में राज्य के सभी प्रमंडलों में ओपन जेल खोलने के लिए भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न्याय व्यवस्था के साथ मानवीय संवेदनाओं और सुधारात्मक दृष्टिकोण को भी समान महत्व दे रही है। जेल से रिहा होने वाले लोगों को समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर मिलना चाहिए, ताकि वे सम्मानजनक जीवन की शुरुआत कर सकें।
रिहा कैदियों के पुनर्वास पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सजा पूरी कर रिहा होने वाले कैदियों के पुनर्वास, सामाजिक पुनर्स्थापन और सम्मानजनक जीवन-यापन के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने मानसिक रूप से बीमार बंदियों, जो वर्तमान में जेल में हैं या रिहा हो चुके हैं, का डाटा बेस तैयार कर उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून और नियमों के अनुसार रिहा हुए व्यक्तियों को दोबारा समाज से जोड़ने की प्रक्रिया मजबूत की जानी चाहिए। इससे पुनर्वास और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, डीजीपी तदाशा मिश्रा, प्रधान सचिव-सह-विधि परामर्शी नीरज कुमार श्रीवास्तव, महानिरीक्षक कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं सुदर्शन प्रसाद मंडल, न्यायिक आयुक्त अनिल कुमार मिश्रा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
