27.1 C
Kolkata
Friday, July 31, 2026

राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा पर बनेंगे आधुनिक शौचालय, डिजिटल निगरानी से होगी सफाई की जांच

नई दिल्ली। केंद्र सरकार राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों की सुविधा और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए टोल प्लाजा पर आधुनिक सार्वजनिक शौचालय सुविधाएं विकसित करेगी। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इसके लिए प्रदर्शन आधारित नया ढांचा तैयार किया है।

पुराने शौचालयों का होगा नवीनीकरण, नए ढांचे भी बनेंगे

इस पहल के तहत टोल प्लाजा पर बने पुराने शौचालय ब्लॉकों का नवीनीकरण किया जाएगा और जरूरत के अनुसार नए शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। इनका डिजाइन स्वदेशी और टिकाऊ होगा। साथ ही, हरित भवन मानकों का भी पालन किया जाएगा।

नई व्यवस्था में स्वच्छता, डिजिटल निगरानी और यात्रियों की जरूरतों के अनुसार रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इंटरनेट आधारित निगरानी से होगी व्यवस्था की जांच

एनएचएआई के अनुसार, इन शौचालयों में इंटरनेट ऑफ थिंग्स आधारित लाइव टेलीमेट्री प्रणाली लगाई जाएगी, जिससे वास्तविक समय में सफाई और रखरखाव की निगरानी की जा सकेगी। सेवा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रदर्शन आधारित भुगतान प्रणाली भी लागू की जाएगी।

यात्री एनएचएआई के ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दे सकेंगे, जिससे सुविधाओं में सुधार किया जा सकेगा।

दिव्यांगों और महिलाओं के लिए विशेष सुविधाएं

आधुनिक शौचालयों में दिव्यांगजनों के लिए बाधा रहित प्रवेश की सुविधा उपलब्ध होगी। महिलाओं की सुरक्षा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। इसके अलावा स्वच्छ जल आपूर्ति और आधुनिक स्वच्छता व्यवस्था भी इन सुविधाओं का हिस्सा होगी।

एनएचएआई ने कहा कि इस पहल से राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों का अनुभव बेहतर होगा और सार्वजनिक सुविधाओं के नए मानक स्थापित होंगे।

Related Articles

नवीनतम लेख