भोपाल: अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर बुधवार को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री वन्यजीव संरक्षण के लिए प्राप्त नए वाहनों का लोकार्पण करेंगे। साथ ही वन्यजीव संरक्षण गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन, विभागीय प्रकाशनों का विमोचन और सक्रिय वन्यजीव प्रबंधन से जुड़े वृत्तचित्रों के टीजर भी जारी करेंगे।
इस अवसर पर राज्य वन्य प्राणी बोर्ड के पद्मश्री सम्मानित सदस्यों का अभिनंदन किया जाएगा। इसके अलावा वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली वन सुरक्षा समितियों, ईको विकास समितियों, ग्राम वन समितियों और वन विभाग के कर्मचारियों को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
जनसंपर्क अधिकारी केके जोशी के अनुसार कार्यक्रम में स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप सिंह अहिरवार, प्रमुख सचिव वन, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव), अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे।
