30.9 C
Kolkata
Wednesday, July 29, 2026

गुरु पूर्णिमा पर मप्र में आज मनाया जाएगा ‘महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व’

भोपाल: गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को मध्य प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में ‘महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व’ मनाया जाएगा। भारतीय ज्ञान परंपरा, गुरु-शिष्य संस्कृति और राष्ट्रनिर्माण के मूल्यों से नई पीढ़ी को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में गुरु-पूजन, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक आयोजन, छात्र-शिक्षक संवाद और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां होंगी।

इस अवसर पर ‘भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना’ का शुभारंभ भी किया जाएगा। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीराम तिवारी ने बताया कि योजना के तहत प्रदेश के 102 मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इनमें 51 विद्यालय स्तर और 51 महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तर के छात्र शामिल होंगे। प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जित 14 विद्याओं, 64 कलाओं, महर्षि सांदीपनि और भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित होगी। विजेताओं का अंतिम चयन पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा लिखित पुस्तक ‘भारतीय गुरु परंपरा के शिल्पी महर्षि सांदीपनि’ का लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही ‘महर्षि सांदीपनि श्रीकृष्ण विद्यांजलि’ और ‘सर्वांग’ पुस्तकों का भी विमोचन होगा। महर्षि सांदीपनि के जीवन पर आधारित एक विशेष ई-बुकलेट भी प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों को उपलब्ध कराई जाएगी।

श्रीराम तिवारी ने बताया कि श्रीकृष्ण पाथेय न्यास का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण की यात्राओं से जुड़े स्थलों का संरक्षण और विकास करना है। इसके तहत उज्जैन में 14 विद्याओं और 64 कलाओं की शिक्षा के लिए सांदीपनि गुरुकुल की स्थापना, अनुसंधान पुस्तकालयों के निर्माण तथा युवाओं को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख