ग्लासगो: भारतीय भारोत्तोलक हरजिंदर कौर ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 69 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीत लिया। इसके साथ ही उन्होंने लगातार दूसरे राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए पदक जीतने का गौरव हासिल किया।
हरजिंदर कौर ने स्नैच और क्लीन एंड जर्क के सभी छह प्रयास सफलतापूर्वक पूरे किए। उन्होंने कुल 227 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया।
स्नैच स्पर्धा में हरजिंदर ने 96 किलोग्राम से शुरुआत की और इसके बाद 99 किलोग्राम तथा 101 किलोग्राम वजन भी सफलतापूर्वक उठाया। स्नैच में 101 किलोग्राम के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ वह कनाडा की शार्लोट सिमोनो के बाद दूसरे स्थान पर रहीं। सिमोनो ने 108 किलोग्राम वजन उठाकर बढ़त बनाई।
क्लीन एंड जर्क में भी हरजिंदर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले प्रयास में 120 किलोग्राम, दूसरे में 123 किलोग्राम और तीसरे प्रयास में 126 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया। इस तरह स्नैच में 101 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 126 किलोग्राम सहित उनका कुल वजन 227 किलोग्राम रहा, जिससे उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया।
कनाडा की शार्लोट सिमोनो ने स्नैच में 108 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 132 किलोग्राम सहित कुल 240 किलोग्राम वजन उठाकर राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता। वहीं ऑस्ट्रेलिया की न्या फीबी हेमैन ने कुल 218 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक हासिल किया।
हरजिंदर कौर का यह लगातार दूसरा राष्ट्रमंडल खेल पदक है। इससे पहले उन्होंने बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 71 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता था। इस बार 69 किलोग्राम वर्ग में उतरकर उन्होंने भारत की झोली में एक और पदक डाल दिया।
