26.6 C
Kolkata
Saturday, July 25, 2026

नेपाल में 2.23 लाख से अधिक बेटिंग वेबसाइट और ऐप बंद, एनटीए की बड़ी कार्रवाई

काठमांडू। नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण (एनटीए) ने ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध वित्तीय कारोबार से जुड़ी 2.23 लाख से अधिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप बंद कर दिए हैं। यह कार्रवाई सरकार की शासकीय सुधार संबंधी 100 कार्यसूची के तहत की गई है।

बेटिंग प्लेटफॉर्म पर चला विशेष अभियान

सरकार ने संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को सट्टेबाजी से जुड़े ऐप और वेबसाइटों को 24 घंटे के भीतर बंद करने का निर्देश दिया था। इसके बाद एनटीए ने देश में सक्रिय अवैध बेटिंग प्लेटफॉर्म के खिलाफ अभियान शुरू किया।

एनटीए के अनुसार, पहले बंद की गई कई वेबसाइटें नए नामों से दोबारा सक्रिय हो रही थीं। इसी को देखते हुए फीफा विश्व कप शुरू होने के बाद विशेष अभियान चलाकर 2,23,568 नए ऐप और वेबसाइट को बंद किया गया।

आईएसपी की मदद से वेबसाइटों को किया गया ब्लॉक

प्रधानमंत्री और मंत्रिपरिषद कार्यालय ने भी विश्व कप के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी बढ़ने की आशंका को देखते हुए इस मामले पर विशेष ध्यान दिया था। इसके बाद एनटीए ने त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष कार्यदल बनाया।

कार्यदल में शामिल दूरसंचार सहायक निदेशक और इंजीनियर ओमप्रकाश महतो ने बताया कि विश्व कप शुरू होने के बाद इंटरनेट सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधियों को प्राधिकरण में तैनात कर संदिग्ध वेबसाइटों के पते तत्काल ब्लॉक किए गए।

उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में वेबसाइटों की पहचान करना चुनौतीपूर्ण है। इसके लिए अधिकृत संस्थाओं से मिली जानकारी और इंटरनेट सेवा प्रदाताओं के सहयोग से अवैध वेबसाइटों को बंद किया जाता है।

नई वेबसाइटों की पहचान के लिए निगरानी तेज

एनटीए ने बताया कि नए अवैध प्लेटफॉर्म की पहचान के लिए खतरा सूचना उपकरण का इस्तेमाल कर विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए अलग टीम भी तैनात की गई है।

प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी अवैध बेटिंग या वित्तीय वेबसाइट की जानकारी मिलती है तो वह इसकी सूचना एनटीए को दें, ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

नवीनतम लेख