26.6 C
Kolkata
Saturday, July 25, 2026

नेपाल में मानसूनी बारिश का कहर, 9 प्रमुख राजमार्ग बंद; यातायात प्रभावित

काठमांडू। नेपाल में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क कटाव की घटनाएं बढ़ गई हैं। इसके चलते देश के नौ प्रमुख राजमार्ग पूरी तरह बंद हो गए हैं, जबकि कई अन्य सड़क मार्गों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

भूस्खलन से कई प्रमुख मार्ग अवरुद्ध

अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह तक नौ प्रमुख सड़क मार्ग पूरी तरह बंद थे। काव्रेपालान्चोक और सिंधुली को जोड़ने वाले बीपी राजमार्ग के खुरकोट-नेपालथोक-कटुन्जेबेसी खंड को बाढ़ के खतरे को देखते हुए शाम 6 बजे से सुबह 4 बजे तक सभी वाहनों के लिए बंद किया गया है।

वहीं, कांति लोकपथ पर पूरे मानसून सीजन के दौरान शाम 5 बजे से सुबह 5 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।

इलाम नगरपालिका के राजदुवाली में भारी कीचड़ जमा होने से मेची राजमार्ग बंद हो गया है। सिंधुपालचौक के भोटेकोशी क्षेत्र में भूस्खलन के कारण अरनिको राजमार्ग भी प्रभावित है।

कई जिलों में सड़क संपर्क टूटा

भूस्खलन के कारण बागलुंग के बेलबगर क्षेत्र में कालीगंडकी कॉरिडोर, रोल्पा में घोराही-थावांग शहीद राजमार्ग और मुगु में नगमा-गामगाडी सड़क मार्ग पूरी तरह बंद हैं।

इसके अलावा रसुवा के गोसाईंकुंड में पासांग ल्हामू राजमार्ग, अछाम के पानीखोला क्षेत्र में मध्य-पहाड़ी राजमार्ग और लमजुंग के मर्स्यांगदी क्षेत्र में बेसीसहर-चामे-मनांग सड़क खंड भी भूस्खलन के कारण बाधित हैं।

नेपाल पुलिस के अनुसार, दोलखा जिले में तामाकोशी नदी के तेज बहाव से सड़क का एक हिस्सा बह जाने के कारण लामोसांगु-रामेछाप सड़क मार्ग भी प्रभावित हुआ है। प्रशासन की ओर से बंद मार्गों को खोलने का काम जारी है।

Related Articles

नवीनतम लेख