काठमांडू। नेपाल के सुदूर पश्चिम प्रांत के बाझंग जिले में बुधवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप मापन तथा अनुसंधान केंद्र के अनुसार, सुबह 4:40 बजे आए इस भूकंप का केंद्र बाझंग जिले का कोटदेवल क्षेत्र था। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.2 दर्ज की गई।
भूकंप के झटके बाझंग के अलावा पड़ोसी बैतडी जिले के कुछ इलाकों में भी महसूस किए गए। झटके महसूस होते ही लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान या किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
नेपाल हिमालयी भूकंपीय क्षेत्र में स्थित होने के कारण भूकंप के लिहाज से संवेदनशील देश माना जाता है। यहां समय-समय पर हल्के और मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं, जिन पर राष्ट्रीय भूकंप मापन तथा अनुसंधान केंद्र लगातार नजर रखता है।
