29.6 C
Kolkata
Wednesday, July 22, 2026

सिक्किम सुरंग हादसा: प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री तमांग से की बात, हरसंभव मदद का दिया भरोसा

गंगटोक। सिक्किम के नाम्ची जिले के समरदुंग में निर्माणाधीन तीस्ता चरण-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से टेलीफोन पर बात कर बचाव अभियान और मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

प्रधानमंत्री ने जताई संवेदना

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सामाजिक माध्यम पर जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे में प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राहत एवं बचाव कार्य में हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता और सहयोग की प्रतिबद्धता से राज्य के लोगों को इस कठिन समय में बड़ा संबल मिला है।

युद्धस्तर पर जारी है बचाव अभियान

मुख्यमंत्री के अनुसार, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला प्रशासन, सिक्किम पुलिस, रंगपो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा टीम और स्थानीय लोग समन्वय के साथ राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हैं। प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार जारी हैं।

मुख्यमंत्री ने सिक्किम की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार का सहयोग और एकजुटता राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उल्लेखनीय है कि समरदुंग स्थित निर्माणाधीन सुरंग में कथित गैस रिसाव और मलबा गिरने की घटना में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। सुरंग में फंसे अन्य लोगों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

Related Articles

नवीनतम लेख