गंगटोक। सिक्किम के नाम्ची जिले के झोलुंगे क्षेत्र के समरदुंग में निर्माणाधीन तीस्ता चरण-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग हादसे पर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
बचाव अभियान की कर रहे निगरानी
मुख्यमंत्री ने मंगलवार सुबह सामाजिक माध्यम पर जारी संदेश में कहा कि इस कठिन समय में पूरा राज्य पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि वह बचाव अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सिक्किम पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और अन्य विशेषज्ञ एजेंसियां सुरंग में फंसे श्रमिकों की तलाश में लगातार जुटी हैं।
सभी विभागों को दिए आवश्यक निर्देश
प्रेम सिंह तमांग ने बचाव अभियान में लगे सुरक्षाकर्मियों और तकनीकी दलों के साहस व समर्पण की सराहना की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने, राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और अभियान के दौरान उच्चतम सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं से बचने तथा प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बचाव अभियान को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
उल्लेखनीय है कि तीस्ता चरण-6 जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे में अब तक सात लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि बचाव अभियान लगातार जारी है।
