चतरा। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के खिलाफ चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संगठन के हार्डकोर उग्रवादी नरेश गंझू उर्फ रविकांत को लावालौंग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। वह लावालौंग थाना क्षेत्र का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि नरेश गंझू टीएसपीसी सुप्रीमो ब्रजेश गंझू का करीबी सहयोगी था। गिरफ्तारी की पुष्टि सोमवार को एक वरीय पुलिस अधिकारी ने की।
गुप्त स्थान पर पूछताछ जारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद नरेश गंझू उर्फ रविकांत को गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ में टीएसपीसी के नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों, लेवी वसूली और संगठन की गतिविधियों से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
हथियार भी बरामद
पुलिस के मुताबिक, रविकांत टीएसपीसी के लिए अहम भूमिका निभाता था और संगठन के शीर्ष नेतृत्व के सीधे संपर्क में था। वह लंबे समय से झारखंड पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था। उसकी गिरफ्तारी को टीएसपीसी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पुलिस ने उसके पास से एक हथियार भी बरामद किया है।
