खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। कोटेगसेरा स्थित मौसीबाड़ी के पास एक रथ का ऊपरी हिस्सा 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। इससे रथ में करंट दौड़ गया और उसकी चपेट में आए नौ स्कूली छात्र झुलस गए। हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए।
लंच ब्रेक के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में लंच ब्रेक के दौरान कुछ छात्र मौसीबाड़ी के पास खड़े रथ को घुमाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान रथ का ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। करंट फैलते ही वहां मौजूद सभी छात्र उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल तोरपा रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
मृतकों की पहचान चंदन कुमार (16) और तारकेश्वर महतो (15) के रूप में हुई है। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, खूंटी रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सात घायलों का इलाज जारी
घायलों में अरमान आलम, सूजय लुहरा, नीलय एक्का, पंकज राम, रुपेश कुमार, गिरिराज यादव और कमलेश गोप शामिल हैं। सभी का इलाज तोरपा रेफरल अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगा रही है कि छात्र स्वयं रथ के पास पहुंचे थे या उन्हें किसी ने रथ खींचने के लिए बुलाया था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रथ हाईटेंशन बिजली लाइन के नीचे कैसे पहुंचा और इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही हुई है या नहीं।
जिला प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
