26.4 C
Kolkata
Tuesday, July 21, 2026

तेज रफ्तार कार पुल से नीचे गिरी, पटना के चार युवक चमत्कारिक रूप से बचे

खूंटी। खूंटी-चाईबासा मुख्य मार्ग पर मुरहू थाना क्षेत्र के पंचघाघ स्थित कुड़की नाला पुल पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार पुल का गार्डवॉल तोड़ते हुए करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, लेकिन कार में सवार चारों युवक चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गए।

मुरहू पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निकाला

हादसे की जानकारी मिलते ही मुरहू थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से कार में फंसे सभी युवकों को बाहर निकाला और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरहू पहुंचाया। अस्पताल में सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। घायलों की पहचान सूरज कुमार, ध्रुव राज और गौरव कुमार के रूप में हुई है, जबकि वाहन चला रहे मिथुन कुमार को मामूली खरोंचें आई हैं। सभी की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच है।

नशे में धुत्त थे युवक, पता बताने में पुलिस को उलझाया

पूछताछ के दौरान युवकों ने खुद को बिहार की राजधानी पटना का निवासी बताया, लेकिन वे अपना कोई भी स्पष्ट पता नहीं दे सके। युवकों ने कंकड़बाग, बैरिया बस स्टैंड और राजेंद्र नगर जैसे अलग-अलग इलाकों के नाम बताए, जिससे पुलिस को उनकी सही पहचान सत्यापित करने में दिक्कत आ रही है। घायलों का इलाज कर रहे डॉ. रंजय बाला ने बताया कि प्रथम दृष्टया सभी युवक अत्यधिक नशे की हालत में लग रहे थे। आशंका है कि शराब के साथ किसी मादक पदार्थ (ड्रग्स) का भी सेवन किया गया है, जिसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद होगी।

मुरहू थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक कहां से आ रहे थे और उनका वास्तविक गंतव्य क्या था।

Related Articles

नवीनतम लेख