देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर में कुछ स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी तथा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। कई जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
अगले चार दिन रहेगा मौसम का असर
मौसम विभाग के अनुसार 20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 21 और 22 जुलाई को भी प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अगले चार दिनों तक विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
प्रशासन ने जारी किए एहतियाती निर्देश
मौसम चेतावनी को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, जिला आपदा परिचालन केंद्रों को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने, राहत एवं बचाव दलों की तैनाती तथा भूस्खलन संभावित मार्गों पर आवश्यक मशीनरी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों, चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा यात्रा से पहले मौसम और सड़कों की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। उन्होंने आपात स्थिति में 112, 1070 और 1077 पर संपर्क करने की सलाह दी।
कई इलाकों में हुई तेज बारिश
देहरादून सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में रविवार सुबह से रुक-रुक कर बारिश जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में दिनभर हल्की से मध्यम वर्षा के कई दौर और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटों में हल्द्वानी में 108 मिलीमीटर, थल में 103.5 मिलीमीटर, देहरादून (हाथीबड़कला) में 93 मिलीमीटर, धारचूला में 92.4 मिलीमीटर तथा मालदेवता में 80.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
