26.6 C
Kolkata
Tuesday, July 21, 2026

चेन्नई में पुलिस मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर करुप्पु के पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

चेन्नई। चेन्नई पुलिस ने 19 आपराधिक मामलों में वांछित ‘ए’ श्रेणी के हिस्ट्रीशीटर करुप्पु उर्फ तमिल अलगु को पुलिस पर हमला कर फरार होने की कोशिश के दौरान पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। घटना में एक मुख्य आरक्षक भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।

पुलिस पर हमला कर भागने का किया प्रयास

पुलिस के अनुसार, कुंद्रथुर के तिरुमुडिवाक्कम क्षेत्र का रहने वाला करुप्पु लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। उसके खिलाफ दो हत्या समेत कुल 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह रंगदारी, धमकी, अवैध पंचायत और अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में वांछित था।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कुंद्रथुर क्षेत्र में एक निजी महाविद्यालय के पीछे स्थित खाली मैदान में छापेमारी की। पुलिस का दावा है कि करुप्पु अपने साथी आकाश उर्फ सूर्या के साथ गांजा बेचने के साथ-साथ देसी बम तैयार कर रहा था। पुलिस टीम को देखते ही उसने कथित तौर पर देसी बम फेंकने और मौके से भागने का प्रयास किया।

आत्मरक्षा में पुलिस ने चलाई गोली

पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान करुप्पु ने मुख्य आरक्षक विजयकुमार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनके दाहिने हाथ की कोहनी पर चोट लगी। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने और आरोपित को भागने से रोकने के लिए पुलिस निरीक्षक ने आत्मरक्षा में उसके दाहिने टखने पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

अस्पताल में चल रहा उपचार

घायल करुप्पु को पहले तांबरम सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे चेन्नई के राजीव गांधी सरकारी अस्पताल भेजा गया। वहीं घायल मुख्य आरक्षक विजयकुमार का उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने घटनास्थल से देसी बम बनाने की सामग्री जब्त कर ली है। मामले में करुप्पु के साथी आकाश उर्फ सूर्या की भूमिका की भी जांच की जा रही है। विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Related Articles

नवीनतम लेख