26 C
Kolkata
Tuesday, July 21, 2026

रांची में पहली बार डूरंड कप, 26 जुलाई से मुकाबले शुरू

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन करेंगे 135वें डूरंड कप-2026 का उद्घाटन, दर्शकों के लिए निःशुल्क टिकट की व्यवस्था

रांची। झारखंड की राजधानी रांची पहली बार एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें डूरंड कप-2026 की मेजबानी करने जा रही है। 26 जुलाई से प्रतियोगिता का आगाज होगा और उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन करेंगे। पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग तथा खेल निदेशालय ने आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसकी जानकारी खेल निदेशक छवि रंजन ने बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। इस दौरान भारतीय सेना के प्रतिनिधि मनोज कुमार झा भी मौजूद रहे।

दर्शकों को मिलेंगे निःशुल्क टिकट

राज्य सरकार ने सभी दर्शकों के लिए निःशुल्क टिकट की व्यवस्था की है। 22 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक टिकट का वितरण प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। एक व्यक्ति को अधिकतम चार टिकट दिए जाएंगे। स्टेडियम परिसर में गेट संख्या 11 से 13 के बीच 10 काउंटर और गेट संख्या 23 के पास दो अतिरिक्त काउंटर बनाए गए हैं।

प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे मैच शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले स्टेडियम पहुंचें, ताकि सुरक्षा जांच समय पर पूरी हो सके। नियमों का उल्लंघन करने वालों को स्टेडियम में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

24 टीमें पांच शहरों में खेलेंगी मुकाबले

खेल निदेशक छवि रंजन ने बताया कि वर्ष 1888 में शुरू हुआ डूरंड कप एशिया का सबसे पुराना और दुनिया का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट है। इसके 135वें संस्करण में 24 टीमें पांच मेजबान शहरों में खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। प्रतियोगिता में इंडियन सुपर लीग, आई-लीग के क्लबों के साथ भारतीय सशस्त्र बलों और विदेशी सैन्य टीमों की भी भागीदारी रहेगी।

स्टेडियम में रहेंगे कड़े सुरक्षा इंतजाम

टूर्नामेंट के दौरान स्टेडियम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दर्शकों को हथियार, पटाखे, बड़े बैग, बाहरी खाद्य सामग्री, शराब, तंबाकू उत्पाद, ड्रोन, पेशेवर कैमरे, संगणक, बड़े पावर बैंक, हेलमेट, मेगाफोन, एयर हॉर्न, बड़े झंडे, लेजर पॉइंटर और एरोसोल स्प्रे जैसी वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

Related Articles

नवीनतम लेख