29.9 C
Kolkata
Friday, July 17, 2026

राष्ट्रपति मुर्मु 19 से 25 जुलाई तक तीन यूरोपीय देशों के दौरे पर, द्विपक्षीय संबंधों को मिलेगी नई मजबूती

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 19 से 25 जुलाई तक मोल्दोवा, उत्तरी मैसेडोनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा पर रहेंगी। इस दौरान वह तीनों देशों के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार, निवेश और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगी।

विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने शुक्रवार को बताया कि राष्ट्रपति की यह यात्रा तीनों देशों के राष्ट्रपतियों के निमंत्रण पर हो रही है। मोल्दोवा और उत्तरी मैसेडोनिया की यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी, जबकि रोमानिया की यात्रा 1994 के बाद पहली राजकीय यात्रा होगी।

मोल्दोवा में होंगी कई अहम बैठकें

राष्ट्रपति मुर्मु 20 जुलाई को मोल्दोवा पहुंचेंगी। वहां वह राष्ट्रपति मैया सैंडू के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगी। इसके अलावा संसद अध्यक्ष इगोर ग्रोसु, भारत-मोल्दोवा संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों और भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगी। वह भारत-मोल्दोवा बिजनेस फोरम को भी संबोधित करेंगी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, कृषि, स्वास्थ्य, औषधि, सूचना प्रौद्योगिकी और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं हैं।

उत्तरी मैसेडोनिया में पहली राष्ट्रपति यात्रा

राष्ट्रपति 21 और 22 जुलाई को उत्तरी मैसेडोनिया की यात्रा करेंगी। वहां वह राष्ट्रपति गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा, प्रधानमंत्री क्रिस्टिजन मिकोस्की और असेंबली के अध्यक्ष से मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति वहां की असेंबली को भी संबोधित करेंगी और भारत-उत्तरी मैसेडोनिया बिजनेस फोरम में भाग लेंगी।

दोनों देशों के बीच कृषि, औषधि, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी और आईटीईएस क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।

रोमानिया दौरे से आर्थिक संबंधों को मिलेगा बल

राष्ट्रपति मुर्मु 23 से 25 जुलाई तक रोमानिया की राजकीय यात्रा पर रहेंगी। इस दौरान वह राष्ट्रपति निकुशोर डैन, अंतरिम प्रधानमंत्री इली बोलोजान, सीनेट अध्यक्ष मिर्सिया अब्रुडियन, चैंबर ऑफ डेप्युटीज के अध्यक्ष सोरिन ग्रिंडियानु तथा भारत-रोमानिया संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से मुलाकात करेंगी।

वह भारत-रोमानिया बिजनेस फोरम को संबोधित करने के साथ भारतीय समुदाय से भी संवाद करेंगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, रोमानिया यूरोपीय संघ में भारत का महत्वपूर्ण साझेदार है और भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के बाद दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

सिबी जॉर्ज ने कहा कि यह यात्रा मध्य और पूर्वी यूरोप के देशों के साथ भारत के बढ़ते सहयोग और यूरोपीय संघ के साथ रणनीतिक साझेदारी को नई गति देगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल मोल्दोवा में भारत का नया दूतावास खोलने का कोई प्रस्ताव नहीं है।

Related Articles

नवीनतम लेख