29.9 C
Kolkata
Friday, July 17, 2026

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को पीएम ने दिखाई हरी झंडी, जींद ने रचा नया इतिहास

जींद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस ऐतिहासिक पल को रेखांकित करते हुए कहा कि जींद, सोनीपत और हरियाणा का नाम अब भारतीय रेल के इतिहास में हमेशा के लिए स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है। यह आधुनिक ट्रेन ‘मेक इन इंडिया’ अभियान की एक बड़ी सफलता है, जो दुनिया की सबसे शक्तिशाली और सबसे लंबी हाइड्रोजन चालित यात्री ट्रेनों में से एक बनकर उभरी है।

दुनिया की सबसे ताकतवर हाइड्रोजन ट्रेनों में शामिल, शून्य कार्बन उत्सर्जन

प्रधानमंत्री ने एकलव्य स्टेडियम से जनता को संबोधित करते हुए कहा कि 21वीं सदी की पहचान अब हाइड्रोजन ट्रेनें बनने जा रही हैं. वर्तमान में दुनिया के महज 3-4 देशों के पास ही यह तकनीक है, जिसमें अब भारत भी शामिल हो चुका है. जींद से शुरू हुई 10 कोच की यह अनूठी ट्रेन 3,200 हॉर्स पावर के प्रोपल्शन सिस्टम से लैस है. हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित यह ट्रेन केवल जलवाष्प छोड़ती है, जिससे कार्बन उत्सर्जन बिल्कुल शून्य रहता है और पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं पहुंचता.

12 वर्षों में 99% रेल नेटवर्क का हुआ विद्युतीकरण

पीएम मोदी ने बताया कि वैश्विक तेल संकट और खाड़ी देशों में जारी तनाव के बावजूद भारत की रफ्तार नहीं थमी, क्योंकि पिछले 12 वर्षों में देश के करीब 99 फीसदी रेल नेटवर्क का बिजलीकरण किया जा चुका है, जबकि हरियाणा में यह आंकड़ा शत-प्रतिशत हो गया है. इस पर्यावरण-अनुकूल तकनीक के आने से भविष्य में नए इंफ्रास्ट्रक्चर और फैक्ट्रियां खुलेंगी, जिससे हरियाणा के स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे.

14,700 करोड़ की विकास परियोजनाओं की मिली सौगात

इस भव्य समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने करीब 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया.

  • एक्सप्रेसवे और हाईवे: दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का हरियाणा खंड, अंबाला-काला अंब फोरलेन और जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड राष्ट्रीय राजमार्ग राष्ट्र को समर्पित किया गया. साथ ही हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड राजमार्ग की आधारशिला रखी गई.

  • रेल और स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा: कुरुक्षेत्र में बने एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का उद्घाटन हुआ. इसके अतिरिक्त भिवानी में पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज तथा नारनौल में महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज व राव तुलाराम अस्पताल का लोकार्पण किया गया.

Related Articles

नवीनतम लेख