29.9 C
Kolkata
Friday, July 17, 2026

बिदादी टाउनशिप के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, किसानों के समर्थन में सरकार पर साधा निशाना

बेंगलुरु। कर्नाटक सरकार की प्रस्तावित बिदादी टाउनशिप परियोजना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में भाजपा नेताओं के साथ बड़ी संख्या में किसान और महिला किसान शामिल हुए। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

किसानों की जमीन जबरन लेने का आरोप

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने आरोप लगाया कि किसानों के विरोध के बावजूद राज्य सरकार निजी हितों के लिए बिदादी टाउनशिप परियोजना को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर इस परियोजना को रद्द कर दिया जाएगा। साथ ही किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लेने पर पुलिस थानों के घेराव की चेतावनी भी दी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार रियल एस्टेट हितों को ध्यान में रखकर किसानों की जमीन का अधिग्रहण करना चाहते हैं। उन्होंने किसानों पर दर्ज सभी मामलों को तत्काल वापस लेने की मांग की।

सरकार पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने राज्य सरकार को “लैंड माफिया सरकार” बताते हुए कहा कि पहले से कई आवासीय योजनाएं अधूरी पड़ी हैं, ऐसे में नई टाउनशिप की कोई आवश्यकता नहीं है।

विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष चलवाडी नारायणस्वामी ने आरोप लगाया कि बेंगलुरु के आसपास हजारों एकड़ कृषि भूमि अधिग्रहित करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने सरकार को विकास परियोजनाओं का विस्तार राज्य के अन्य क्षेत्रों में करने की सलाह दी।

विधान परिषद सदस्य सी.टी. रवि ने कहा कि राज्य गंभीर सूखे की स्थिति का सामना कर रहा है। ऐसे समय में सरकार को किसानों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए, न कि नई टाउनशिप परियोजनाओं पर।

प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा, डी.वी. सदानंद गौड़ा, सुरेश कुमार, श्रीरामुलु समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख