27.2 C
Kolkata
Saturday, July 11, 2026

लखनऊ में मुरादाबाद के तैराकों का जलवा, 18 पदक जीतकर बढ़ाया मंडल का मान

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में 3 से 5 जुलाई तक आयोजित प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक एवं बालिका तैराकी प्रतियोगिता 2026-27 में मुरादाबाद मंडल के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 18 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने विभिन्न व्यक्तिगत और रिले स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर मंडल का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में सफलता के बाद बुधवार को सभी खिलाड़ियों का स्वागत और अभिनंदन किया गया।

तीन दिनों तक शानदार प्रदर्शन, कई स्पर्धाओं में जीते पदक

उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के क्षेत्रीय सचिव अजय पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन सहज ने 50 मीटर फ्री स्टाइल में कांस्य और 100 मीटर बैक स्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीता। आध्या ने 100 मीटर बैक स्ट्रोक में स्वर्ण, ऐश्वर्या ने 50 मीटर फ्री स्टाइल में रजत और आरोही ने 50 मीटर बटरफ्लाई में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं आरोही, रिमीषा, आध्या और इशिता की टीम ने चार गुणा 200 मीटर फ्री स्टाइल रिले में कांस्य पदक जीता।

दूसरे दिन नमन ने 200 मीटर और 400 मीटर फ्री स्टाइल में कांस्य पदक अपने नाम किए। आध्या ने 200 मीटर बैक स्ट्रोक और 100 मीटर इंडिविजुअल मेडले में रजत पदक जीता। ऐश्वर्या ने 200 मीटर बैक स्ट्रोक तथा आरोही ने 100 मीटर बटरफ्लाई में रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा चार गुणा 200 मीटर मेडले रिले में आरोही, रिमीषा, आध्या और इशिता की टीम ने रजत पदक जीता।

तीसरे दिन सहज ने 50 मीटर बैक स्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी सफलता दोहराई। आध्या ने भी 50 मीटर बैक स्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीता। ऐश्वर्या ने इसी स्पर्धा में रजत और आरोही ने 200 मीटर बटरफ्लाई में कांस्य पदक हासिल किया। चार गुणा 100 मीटर फ्री स्टाइल रिले में आरोही, रिमीषा, आध्या और इशिता की टीम ने रजत पदक जीतकर प्रतियोगिता का समापन शानदार अंदाज में किया।

खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद मुरादाबाद लौटने पर सभी खिलाड़ियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। टीम के कोच रितिक शर्मा और टीम मैनेजर रवि कुमार शर्मा ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

नवीनतम लेख