पूर्वी सिंहभूम। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के मुखी बस्ती स्थित निराला पथ में 18 वर्षीय पीयूष डे ने फंदे से लटककर कथित रूप से खुदकुशी कर ली। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
फोन पर कहासुनी के बाद उठाया कदम
परिजनों के अनुसार, पीयूष डे एक आइसक्रीम की दुकान में काम करता था। मंगलवार रात उसकी अपनी प्रेमिका से फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे फंदे से लटका पाया। उसे तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
बुधवार सुबह घटना की सूचना सिदगोड़ा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, आवश्यक जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने यूडी का मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग और फोन पर हुए विवाद की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
